*सरायकेला: डीसी ने की शिक्षा विभाग के कार्य प्रगति की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा निर्देश*
*दीपक कुमार दारोघा*
सरायकेला: समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शिक्षा विभाग के कार्य प्रगति की समीक्षा की एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक बैठक में विद्यालयवार एवं प्रखंडवार शैक्षणिक प्रगति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, अपार आईडी निर्माण, विद्यालय के आधारभूत संरचना, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, पुस्तकालय,प्रयोगशाला के संचालन सहित विद्यार्थियों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं की समीक्षा हुई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना किसी वैध कारण के विद्यालय में अनुपस्थित रहने वाले,अनाधिकृत रूप से अवकाश में रहने वाले अथवा लंबे समय से विद्यालय नहीं आने वाले शिक्षकों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिला के ऐसे विद्यालय जहां केवल एक शिक्षक कार्यरत है अथवा विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की आवश्यकता है उनकी सूची तैयार करने का भी निर्देश दिए। इसके अलावे उन्होंने विभिन्न बिंदुओं पर दिशा निर्देश दिए।
बैठक में डीडीसी रीना हांसदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी, संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति रही।

Comments
Post a Comment