सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात परिचालन को लेकर चर्चा


*उद्योग सचिव अरूवा राजकमल पहुंचे सरायकेला, सड़क सुरक्षा को लेकर किया बैठक, राजनगर में पार्किंग साईड को किया विजिट*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: जिला में सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात परिचालन को सुदृढ़ करने को लेकर झारखंड सरकार के उद्योग सचिव अरूवा राजकमल सरायकेला पहुंचे एवं परिसदन में बैठक की।

बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह,पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, उद्योग विभाग के अपर सचिव श्रीमती प्रीति रानी, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रवि शंकर प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामड, सिविल सर्जन डॉ सरयू प्रसाद सिंह सहित संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

जानकारी के मुताबिक बैठक में झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश के आलोक में औद्योगिक क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं यातायात परिचालन की समीक्षा हुई।

उद्योग सचिव अरूवा राजकमल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में सुगम एवं सुरक्षित यातायात परिचालन के लिए प्रशासन, पुलिस,परिवहन विभाग एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में आने वाले भारी वाहनों के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, वाहन चालकों के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहनों के ठहराव को नियंत्रित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

 उन्होंने पार्किंग साईड का विजिट के क्रम में राजनगर औद्योगिक संस्थान रुंगटा की पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। संभावित सड़क दुर्घटना के मद्देनजर त्वरित चिकित्सा सुविधा हेतु राजनगर सीएचसी का निरीक्षण की और डेडीकेटेड ट्रॉमा सेंटर के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Comments