जियाडा क्षेत्र के मुद्दे हुए उजागर

 

*आदित्यपुर जियाडा क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों के समाधान को लेकर डीसी ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: जिला के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने आदित्यपुर जियाडा (झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण) क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों के समाधान को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों के साथ संयुक्त समन्वय बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

जानकारी के मुताबिक बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी की भी उपस्थित रही। आदित्यपुर नगर निगम के आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर उपायुक्त, एसडीओ, अंचलाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला योजना पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण परिषद के क्षेत्रीय पदाधिकारी, डीटीओ, विद्युत विभाग,अग्निशमन विभाग, भवन निर्माण विभाग, पथ निर्माण विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सहित संबंधित विभाग के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

बैठक में जियाडा के क्षेत्रीय उपनिदेशक (आदित्यपुर प्रमंडल) दिनेश रंजन द्वारा जियाडा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी एवं वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया। बैठक में भूमि संबंधी प्रस्ताव पर समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने राजस्व विभाग को संबंधित मामलों में नियमानुसार अग्रतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आदित्यपुर गम्हरिया क्षेत्र में विधि व्यवस्था से संबंधित बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। जिसमें उपायुक्त ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। नशा उन्मूलन एवं नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन करने का निर्देश भी संबंधित पदाधिकारियों को दिए।

Comments