विशेष गहन पुनरीक्षण


*सरायकेला:एसआईआर के तहत प्रारूप मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन, बूथों में पहुंचे मतदाता, सूची का किया अवलोकन, नए मतदाताओं ने प्रपत्र 6 भरने हेतु बीएलओ से ली जानकारी*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन हुआ। सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत तीनों विधानसभा क्षेत्र के संबंधित ईआरओ द्वारा प्रारूप 5 के माध्यम से प्रकाशन की सूचना जारी करते ही प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकनार्थ मतदान केंद्र पहुंचे मतदाता।

सूची में मतदाता अपना-अपना नाम ढूंढते हुए नजर आए। सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत सामुदायिक भवन मतदान केंद्र में बीएलओ द्वारा प्रदर्शित प्रारूप मतदाता सूची को लोगों ने देखा। मौके में नए युवा मतदाता भी पहुंचे एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रपत्र 6 फॉर्म भरने हेतु बीएलओ से जानकारी ली।

 ग्रामीण क्षेत्र ग्राम हेंसा में भी मतदान केंद्र में मतदाता जुटे। बीएलओ ने प्रारूप मतदाता सूची प्रदर्शित किया। जानकारी के मुताबिक अब प्रारूप मतदाता सूची के मुताबिक सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में 3,02,716 मतदाता, खरसावां विधानसभा क्षेत्र में 2,08,742 मतदाता है। जबकि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 2,56,155 मतदाता हैं। इसके अतिरिक्त नए मतदाताओं को प्रपत्र 6 के माध्यम से मतदाता सूची में शामिल होने के लिए अपील किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि सभी संबंधित मतदान केंद्र में प्रदर्शित प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन करें। तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ, एईआरओ अथवा ईआरओ के समक्ष दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें। 5 अगस्त से 4 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने,हटाने, संशोधन एवं अन्य आवश्यक सुधार हेतु दावा एवं आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे। 

बताते चलें कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी सह ईआरओ अभिनव प्रकाश ने 4 अगस्त को राजनगर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षक को दावा,आपत्ति एवं सत्यापन से संबंधित कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Comments