*सरायकेला: विश्व आदिवासी दिवस पर जिला एवं प्रखंड स्तर पर होगी कार्यक्रम, डीसी ने की तैयारियों की समीक्षा,दिए आवश्यक दिशा निर्देश*
*दीपक कुमार दारोघा*
सरायकेला: आगामी 9 अगस्त को आयोजित होने वाली विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की एवं तैयारियों का समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक बैठक में विश्व आदिवासी दिवस पर जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारी एवं कार्य योजना की समीक्षा हुई।
बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिला एवं प्रखंड स्तर पर विस्तृत कार्य योजना तैयार कर समयबद्ध ढंग से कार्यक्रम आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय कलाकारों की सहभागिता से जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्राफ्ट एग्जीबिशन, स्थानीय व्यंजनों पर आधारित फूड फेस्टिवल तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजना से संबंधित जन जागरूकता शिविर आयोजित करने का निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि सभी विद्यालय एवं महाविद्यालयों में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर निबंध, चित्रकला, वाद विवाद,प्रश्नोत्तरी, जातीय संस्कृति एवं विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजन किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न बिंदुओं पर दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला के पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी ने सुरक्षा प्रबंधन को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सिविल सर्जन सरयू प्रसाद सिंह, आईटीडीए परियोजना निदेशक उषा मुंडू, आदित्यपुर नगर आयुक्त एजाज अहमद, चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा,सभी बीडीओ सहित संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

Comments
Post a Comment