डीडीसी ने की समीक्षा बैठक


*सरायकेला: डीडीसी रीना हांसदा ने विभिन्न कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों का किया समीक्षा,दिए आवश्यक दिशा निर्देश*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: समाहरणालय में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में विभिन्न कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 

जानकारी के मुताबिक बैठक में जिला परिषद, डीएमएफटी एवं अन्य योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य,शिक्षा, पेयजल, भवन निर्माण, सड़क तथा अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित निर्माण एवं विकास कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा हुई। उप विकास आयुक्त ने सभी कार्य एजेंसियों को योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। पूर्ण हो चुकी योजनाओं का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करते हुए आमजनों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अपने अधीनस्थ संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं समय समय पर समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित सभी कार्यपालक अभियंताओं को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 

बैठक में ऐसे संवेदकों की भी समीक्षा हुई जिन्होंने अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न कार्य एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं के प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति,निविदा, कार्य प्रारंभ एवं भुगतान से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा हुई। उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं की क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का त्वरित निराकरण करते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। ताकि योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आम जन तक पहुंच सके। 

बैठक में सिविल सर्जन सरयू प्रसाद सिंह, जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, भवन निर्माण विभाग, लघु सिंचाई प्रमंडल, विशेष प्रमंडल, जिला परिषद, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग सहित विभिन्न कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

Comments