*अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में सरायकेला में योगाभ्यास कार्यक्रम, योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को दिए टिप्स*
*दीपक कुमार दारोघा*
सरायकेला: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय सरायकेला स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।
जानकारी के मुताबिक इस वर्ष 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम है, स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग। यह थीम स्वस्थ, सक्रिय एवं गरिमापूर्ण जीवन शैली को बढ़ावा देने का संदेश देती है। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सभी उपस्थित जनों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ डीडीसी रीना हांसदा,विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य,सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने, प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से तनाव, चिंता एवं अवसाद में कमी आती है। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को नियमित अभ्यास करने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्र, उत्पाद अधीक्षक विजय खितिज मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ पूनम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी,कर्मी, स्थानीय नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


Comments
Post a Comment