राजस्व एवं भू अर्जन विभाग की कार्य प्रगति

 *सरायकेला: डीसी नितिश कुमार सिंह ने की राजस्व एवं भू अर्जन विभाग के कार्य प्रगति की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा निर्देश*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में राजस्व एवं भू अर्जन विभाग के कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक हुई जिसमें उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

जानकारी के मुताबिक बैठक में उन्होंने दाखिल खारिज (म्यूटेशन), सीमांकन, भूमि अतिक्रमण, सरकारी भूमि संरक्षण, राजस्व अभिलेखों के संधारण एवं डिजिटलीकारण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित कार्य सहित राजस्व विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजना एवं गतिविधियों की समीक्षा की।

म्यूटेशन मामलों की अंचलवार समीक्षा के क्रम में उन्होंने लंबित मामलों का विभागीय प्रावधानों के अनुरूप समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। राजस्व अभिलेखों की उपलब्धता एवं संधारण की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अंचल कार्यालय में संबंधित मौजा के नक्शा एवं खतियान की प्रतियां उपलब्ध रहनी चाहिए। साथ ही सभी अंचल कार्यालय में उपलब्ध महत्वपूर्ण अभिलेख एवं दस्तावेजों के डिजिटलीकारण तथा डिजिटल माध्यम से उनके सुरक्षित संधारण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भूमि अतिक्रमण एवं सरकारी भूमि संरक्षण से संबंधित मामलों का समीक्षा के क्रम में उन्होंने आवश्यकता अनुसार विशेष शिविर आयोजन कर लंबित मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त करने एवं नियमानुसार उनका निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिए।

उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में जल स्रोतों पर हुए अतिक्रमण की पहचान कर विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि योजना के अंतर्गत लंबित लाभुकों के ईकेवाईसी कार्यों का समीक्षा करते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं प्रमुख चौक चौराहा एवं बाजार क्षेत्र में अवैध वाहन पार्किंग की समस्या के समाधान हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार,चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता चांडिल, सरायकेला,सहित सभी अंचलाधिकारी, संबंधित विभाग के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

Comments