जिला जल एवं स्वच्छता समिति

 

*सरायकेला: डीडीसी रीना हांसदा ने किया जिले में संचालित पेयजल आपूर्ति योजनाओं की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा निर्देश*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित।

जानकारी के मुताबिक बैठक में जिला में संचालित विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की समीक्षा हुई। जल जीवन मिशन,सिंगल विलेज स्कीम,मल्टी विलेज स्कीम तथा वित्त आयोग मद से संचालित योजनाओं का समीक्षा हुई।

समीक्षा क्रम में खराब चापाकलों, जल मीनारों एवं बंद पड़े पेयजल योजनाओं की मरम्मती कर पुनः संचालित करने तथा छुटे हुए ग्राम टोला को नल जल योजना से अच्छादित करने के संबंध में डीडीसी ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। संबंधित पदाधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर योजनाओं की भौतिक स्थिति का निरीक्षण करें। प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करें तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। 

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक,प्रखंड समन्वयक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, अन्य संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

Comments