*सरायकेला: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने एसआईआर को लेकर की बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश*
*दीपक कुमार दारोघा*
सरायकेला: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित बैठक आयोजित हुई जिसमें उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रावधानों की भी जानकारी दी गयी। मतदाता सूची में मतदाताओं की मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने संबंधी जानकारी भी साझा की गई। बूथ लेवल ऑफिसर एवं बूथ लेवल एजेंट की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन में बीएलओ एवं बीएलए की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी सभी मतदान केंद्र पर बीएलए की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा सूची आगामी 10 जून तक उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के अनुरूप मतदाताओं से संबंधित प्रावधानों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल निर्वाचन विभाग का कार्यक्रम नहीं बल्कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाने का एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अभियान है।
बैठक में निर्वाची पदाधिकारी खरसावां विधानसभा क्षेत्र सह अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सह सरायकेला एसडीओ अभिनव प्रकाश तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Comments
Post a Comment