*सरायकेला:एसआईआर को लेकर डीसी नितिश कुमार सिंह ने कहा-किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा*
*दीपक कुमार दारोघा*
सरायकेला: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर समाहरणालय एनआईसी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि भारत के किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाता समय पर गणना प्रपत्र भरकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि एन्यूमरेशन फेज ( 30 जून से 29 जुलाई 2026) के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे।
मतदाताओं को आवश्यक विवरण भरकर, नवीनतम फोटो चिपकाकर एवं हस्ताक्षर कर गणना प्रपत्र की एक प्रति बीएलओ को जमा करनी होगी तथा दूसरी प्रति पर प्राप्ति रसीद प्राप्त करनी होगी।
मैप्ड एवं अनमैप्ड दोनों श्रेणी के सभी मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र भरना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि यदि कोई पात्र भारतीय नागरिक वर्तमान मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है तो वह प्रपत्र 6 एवं घोषणा पत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कर सकता है। उन्होंने कहा आयोग का निर्देश,कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से ना छूटे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। विशेष गहन पुनरीक्षण के विभिन्न चरणों की भी जानकारी दी गयी।
सरायकेला विधानसभा निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, खरसावां विधानसभा निर्वाची पदाधिकारी सह अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार की भी उपस्थिति रही।

Comments
Post a Comment