गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

 

*सरायकेला: डीसी नितिश कुमार सिंह पहुंचे गम्हरिया, किया सीएचसी का औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश*

 *दीपक कुमार दारोघा* 

सरायकेला: जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं बीपीएचयू का औचक निरीक्षण किया।

जानकारी के मुताबिक उन्होंने महिला एवं पुरुष वार्ड, प्रतीक्षालय, दवा भंडार कक्ष, स्टोर रूम, चिकित्सा वार्ड, जांच घर, पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, जनरेटर इनवर्टर, सोलर व्यवस्था सहित अस्पताल परिसर में उपलब्ध विभिन्न सुविधा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर एवं स्टोर रूम में अनुपयोगी एवं कचरा स्वरूप पड़े सामानों को हटाकर नियमित साफ सफाई सुनिश्चित करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। दवा भंडार कक्ष का निरीक्षण के दौरान कई प्रकार की एक्सपायर दवाइयां एवं आगामी माह में एक्सपायर होने वाली दवाइयों के मद्देनजर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने एसडीओ को अनुमंडल स्तरीय टीम गठित कर संपूर्ण स्टोर रूम की जांच करने का निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से भी स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। 

उन्होंने उपस्थित चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन सरयू प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश सहित संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

Comments