*कोमाय में लगी जनता दरबार, पहुंचे डीसी, विधायक और सुनी ग्रामीणों की समस्या, चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरित*
*दीपक कुमार दारोघा*
सरायकेला: जिला के कुचाई प्रखंड अंतर्गत रोलाहातु पंचायत के कोमाय प्राथमिक विद्यालय परिसर में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं विधायक दशरथ गागराई की उपस्थिति में जनता दरबार आयोजित।
जनता दरबार में विभिन्न गांव टोला से आए ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र की समस्या रखी एवं समाधान की मांग की। झुगरू से टोलाबुरु तक पीसीसी सड़क निर्माण, हर घर नल योजना से वंचित घरों को जोड़ने, बीएसएनल टावर यथाशीघ्र चालू कराने, आंगनबाड़ी केंद्र भवन की मरम्मती सहित कई समस्या का समाधान की मांग की।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाया गया था। जहां कर्मियों द्वारा ग्रामीणों को सरकारी योजना की जानकारी दी जा रही थी।
कार्यक्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थापित 9 मोबाइल टावरों को चालू करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही कई योजना प्रक्रियाधीन है जिस पर शीघ्र कार्य प्रारंभ कर विकास को गति दी जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वह अपने समस्याओं की जानकारी स्थानीय पदाधिकारी को दें ताकि समयबद्ध कार्यवाई सुनिश्चित की जा सके।
खरसावां विधानसभा क्षेत्र के विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि क्षेत्र का विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। चिन्हित समस्याओं को प्राथमिकता आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के साथ मिलकर रोलहातु पंचायत को विकास के मुख्य धारा से जोड़ने के लिए आगे काम करने का संकल्प लिया गया है।
इससे पहले आवास, मनरेगा, जेएसएलपीएस, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, समाज कल्याण, कृषि,श्रम, सांख्याकि एवं आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों द्वारा चयनित लाभुकों के बीच अतिथियों के कर कमलों से परिसंपत्ति का वितरण हुआ। कार्यक्रम में कुचाई बीडीओ ने स्वागत भाषण दिया।
कार्यक्रम में अपर उपायुक्त जयवर्धन, सरायकेला एसडीओ अभिनव प्रकाश, सिविल सर्जन सरयू प्रसाद, कुचाई बीडीओ साधुचरण देवगम, अंचलाधिकारी सुषमा सोरेन, ग्रामीण जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न विभाग के जिला, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।



Comments
Post a Comment