जिला स्थापना दिवस समारोह

 

सरायकेला:जिला स्थापना दिवस में आयोजित समारोह में उठी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की बात और शुरू हुई नृत्य कला

 *दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: जिला स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरायकेला टाउन हॉल में आयोजित मुख्य समारोह में महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की बात उठी और शुरू हुई नृत्य कला।

लोगों ने एक ही रंगमंच में विभिन्न नृत्य कलाओं का आनंद उठाया। इससे पहले कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने जिला स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं दी और अपील की कि सभी नागरिक अपने-अपने क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। उन्होंने कहा कि बेहतर देंगे तो जिला स्वाभाविक रूप से बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि विकास तभी संभव है जब क्षेत्र में शांति एवं विधि व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विगत वर्ष जारी राष्ट्रीय पुलिस रैंकिंग में जिले के चौका थाना को झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ जो जिले के लिए गौरव का विषय है।

उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि जिला गठन के 25 वर्ष में प्राप्त उपलब्धियों का मूल्यांकन एवं मंथन आवश्यक है। जिससे भविष्य की दिशा निर्धारित की जा सके। उन्होंने सामाजिक कुरीतियां, उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास पर बल दिया। कार्यक्रम में जिले के सर्वांगीण विकास के लिए महिला सशक्तिकरण, रोजगार के अवसर में वृद्धि, तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण संवर्धन पर वक्ताओं ने जोर दिया।

इससे पहले अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालय में आयोजित रंगोली,चित्रकला आदि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कला, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पद्मश्री चामी मुर्मू, पद्मश्री छुटनी महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि, विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य, जिला अपर उपायुक्त जयवर्धन, सहित विभिन्न विभाग के संबंधित पदाधिकारी, आम जनता की उपस्थिति रही।

Comments