जेपीएससी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट


 *सरायकेला: जिला के 8 परीक्षा केंद्र में 19 को होगी जेपीएससी की परीक्षा, डीसी ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश*

 *दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन हुआ सक्रिय।

जानकारी के मुताबिक 19 अप्रैल को जिला में जेपीएससी की संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा आठ निर्धारित परीक्षा केंद्र में दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी सुनिश्चित की गई है।

परीक्षा को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निश्चित दिशा निर्देशों का अनुपालन करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा कक्षा में घड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्र परिसर में पेयजल एवं शौचालय की समुचित एवं सुगम व्यवस्था उपलब्ध रहे। साथ ही सभी केंद्र पर बिजली, पंखा एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने कहा कि राज्य की सर्वोच्च प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक जेपीएससी परीक्षा है। जिसे शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना प्राथमिकता है।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, एडीसी जयवर्धन, डीआरडीए निदेशक अजय तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित संबंधित पदाधिकारी की उपस्थिति रही।

सूत्रों के मुताबिक जिला अंतर्गत आठ परीक्षा केंद्र निर्धारित है। एस.ई रेलवे इंटर कॉलेज सीनी, डीएवी पब्लिक स्कूल आदित्यपुर, वर्षिणी प्लस टू हाई स्कूल सीनी, संत फ्रांसिस स्कूल सरायकेला, सेंट्रल पब्लिक स्कूल आदित्यपुर, सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल सरायकेला, श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन दिंदली आदित्यपुर, केभीपीएसडीएसएस प्लस टू गर्ल्स हाई स्कूल सरायकेला में  परीक्षा केंद्र निर्धारित है।

Comments