नगर निकाय चुनाव


*सरायकेला नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष,वार्ड पार्षदों ने ली पद गोपनीयता की शपथ, निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए अविनाश कवि*

 *दीपक कुमार दारोघा* 

 सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण एवं उपाध्यक्ष पद का अप्रत्यक्ष निर्वाचन समाहरणालय सभागार में हुई।


आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी को पद गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों को भी पद गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। निर्वाची पदाधिकारी सह डीआरडीए के निदेशक अजय कुमार तिर्की की देखरेख में हुई चुनाव प्रक्रिया के दौरान दो वार्ड पार्षद क्रमशः उत्तम कुमार महांती, अविनाश कवि ने उपाध्यक्ष पद के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। नाम निर्देशन पत्र के संवीक्षा एवं अभ्यार्थियों की सूची तैयार होने के बाद निर्धारित समय में अभ्यार्थी उत्तम कुमार महांती ने अभ्यार्थिता से नाम वापस ली। उत्तम कुमार महांती द्वारा नाम वापस लेने के बाद अविनाश कवि निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। 

उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित अविनाश कवि को निर्वाची पदाधिकारी ने प्रमाण पत्र सौंपा। मौके में नगर पंचायत अध्यक्ष ने नव निर्वाचित उपाध्यक्ष अविनाश कवि को पद गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सरायकेला नगर पंचायत के वार्ड पाषर्दगण भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के बाद नगर पंचायत सरायकेला में नई टीम का स्वागत हुआ।

 नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि एवं वार्ड पार्षद कार्यपालक पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, कर्मियों से मिले। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य गणेश महाली भी पहुंचे एवं अध्यक्ष, उपध्यक्ष का स्वागत किया।

Comments