*सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सनंद ने जारी की प्रतिज्ञा पत्र, और छेड़ी जनसंपर्क*
*दीपक कुमार दारोघा*
सरायकेला: झारखंड में हो रही गैर दलीय नगर निकाय चुनाव में सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सनंद कुमार आचार्य उर्फ टुलू ने इंद्राटांडी स्थित अपने आवासीय कार्यालय में मीडिया के समक्ष पवित्र प्रतिज्ञा पत्र जारी किया।
उन्होंने कहा कि वादानामा सरायकेला नगर पंचायत के नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र का लगान निर्धारण नहीं होना एक वृहत समस्या है। लगान निर्धारण कराने के लिए बोर्ड द्वारा प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभाग को भेजने एवं लगान निर्धारण करवाने का भी प्रतिज्ञा है। प्रतिज्ञा पत्र के हवाले से उन्होंने कहा कि नगर पंचायत कार्यालय में कमीशन खोरी, घूसखोरी पर पूर्ण विराम लगेगा। वर्षों से बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय गुड़ियाडीह को फिर से खोलवाया जाएगा। नगर पंचायत क्षेत्र में शुद्ध पेयजल, जरूरत के मुताबिक पक्की सड़क, सुव्यवस्थित नाली एवं समुचित प्रकाश की व्यवस्था करने का भी वादा है।
उन्होंने प्रतिज्ञा पत्र के हवाले से यह भी कहा कि सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के सभी विद्यालयों में ओड़िया भाषा में गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन की व्यवस्था हेतु पहल होगी। उन्होंने कहा चाहे छऊ कला संस्कृति की बात हो या जगन्नाथ संस्कृति की बात हो या फिर शहर की सौंदर्यीकरण की बात हो लोगों से जुड़कर विकसित शहर बनाने की पहल होगी। वह विधायक प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के कार्यकाल में सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में किए गए सौंदर्यीकरण कार्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपूर्ण कार्य को पूर्ण कराने की पहल होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अब जनता का शोषण नहीं, शासन होगा।
इसके बाद उम्मीदवार सनंद अपने समर्थकों के साथ टोला मोहल्ला में जनसंपर्क में निकले, बेंच छाप में वोट की अपील की।


Comments
Post a Comment