वोट पर्व को लेकर उत्साह का माहौल, 23 को होगी मतदान


*जिला मुख्यालय सरायकेला डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मी हुए रवाना*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: झारखंड में हो रही गैर दलीय नगर निकाय चुनाव (वोट पर्व) को लेकर सरायकेला खरसावां जिले के नगर निकाय क्षेत्र में भी उत्साह का माहौल है।

काशी साहू महाविद्यालय सरायकेला स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान कार्य हेतु प्रतिनियुक्ति मतदान कर्मियों को डिस्पैच किया गया। जानकारी के मुताबिक जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण की एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत कुल 13 मतदान केंद्र,कपाली नगर परिषद अंतर्गत कुल 31 मतदान केंद्र एवं आदित्यपुर अंतर्गत कुल 136 मतदान केंद्र के लिए मतदान कर्मियों को उनके आवंटित क्लस्टर भेजा गया।

इससे पहले निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मतदान कर्मियों से संवाद स्थापित कर उन्हें स्वतंत्र निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। यह भी कहा गया कि सभी कर्मी निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।

मतदान दिनांक 23 फरवरी को प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक होगी। बताते चलें कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय है।

Comments