जिला के नगर निकाय क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता


*नगर निकाय चुनाव में आदित्यपुर, कपाली, सरायकेला के लिए नामांकन 29 से*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने समाहरणालय सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस की एवं मीडिया को बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देश के आलोक में जिले के नगर निकाय क्षेत्र में नगर पालिका(आम) निर्वाचन कराया जाना है।

निर्वाचन की घोषणा के साथ ही नगर निकाय क्षेत्र (आदित्यपुर- नगर निगम,कपाली-नगर परिषद, सरायकेला-नगर पंचायत) में आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है। 

 उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभा, जुलूस अथवा लाउडस्पीकर के उपयोग हेतु प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक होगा। उन्होंने नगर निकाय क्षेत्र में सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि नगर निकाय निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जानकारी के मुताबिक आदित्यपुर में 35 वार्ड हैं। कपाली में 21 वार्ड है। सरायकेला में 11 वार्ड है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त द्वारा नगर पालिका निर्वाचन 2026 से संबंधित दी गयी जानकारी के मुताबिक आदित्यपुर नगर निगम में मतदाताओं की संख्या 1,39,889 है। कपाली नगर परिषद क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 33,766 है। सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 10,762 है। जिला निर्वाचन  पदाधिकारी (नगर पालिका) द्वारा प्रपत्र 5 में निर्वाचन की सूचना प्रकाशन के साथ कार्यक्रम शुरू हो चुकी है। जनवरी 29 से फरवरी 4 तक उम्मीदवारों का नामांकन होगा। आदित्यपुर नगर निगम के मेयर पद के लिए नामांकन स्थल अपर उपायुक्त कार्यालय सरायकेला खरसावां है। कपाली नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन स्थल एसडीओ कार्यालय चांडिल है। सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन स्थल निदेशक डीआरडीए कार्यालय सरायकेला खरसांवा है। यह भी जानकारी दिया गया है कि स्कूटनी 5 फरवरी को होगी। नाम वापसी 6 फरवरी, निर्वाचन प्रतीक आवंटन 7 फरवरी और मतदान 23 फरवरी को होगी।

Comments