आकांक्षी जिला कार्यक्रम


*संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह सह आकांक्षा हाट आदित्यपुर में आयोजित*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन द्वारा उपायुक्त नितिश कुमार की अध्यक्षता तथा जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा की उपस्थिति में आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर परिसर में संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह सह आकांक्षा हाट आयोजित।

जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान नीति आयोग, भारत सरकार के मार्गदर्शन से सरायकेला, गम्हरिया, कुकड़ू आकांक्षी प्रखंड में संचालित योजनाओं, नवाचारों एवं जन सहभागिता से प्राप्त उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही  आकांक्षी प्रखंडों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत राज प्रतिनिधियों, विभागीय कर्मियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, शिक्षकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संपूर्णता अभियान जिले के विकास प्रयासों को समेकित रूप से प्रस्तुत करने का मंच है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं महिला समुहों की भागीदारी अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा सभी की जिम्मेदारी है कि गम्हरिया के साथ-साथ सरायकेला एवं कुकडु  प्रखंड भी सभी विकास संकेतकों में अग्रणी बने रहे।

जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि विकास की वास्तविक गति तभी संभव है जब ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं की तत्परता से गम्हरिया को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इनके द्वारा आकांक्षी हाट का भी अवलोकन किया गया। स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमियों द्वारा उत्पादित सामग्रियों की प्रदर्शनी भी लगी थी विभिन्न विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाया गया था।

कार्यक्रम में डीडीसी रीना हांसदा, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, आदित्यपुर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, एसीएमओ डॉ जुझार माझी सहित संबंधित विभाग के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

Comments