*सरायकेला: जिला स्तरीय राउंड टेबल कांफ्रेंस आयोजित, पेसा को लेकर जागरूकता पर रही फॉकस*
*दीपक कुमार दारोघा*
सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्र पर विस्तार) झारखंड नियमावली 2025 यानी पेसा कानून विषय पर जिला स्तरीय राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस (राउंड टेबल कॉन्क्लेव) आयोजित।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सभी विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों को पेसा नियमावली के सभी बिंदुओं एवं प्रावधानों को भली-भांति समझने तथा अपने-अपने कार्य क्षेत्र में उसके प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग स्थापित कर ही पेसा कानून की मूल भावना को धरातल पर सफलतापूर्वक उतारा जा सकता है। उन्होंने सिविल सोसाइटी ऑर्गेनाइजेशन (सीएसओ) एवं सहयोगी संस्थाओं की सराहना की और कहा कि यह संस्थाएं समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाने, संवाद स्थापित करने तथा पेसा कानून के विषय में फैली भ्रांतियां को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सभी हित धारकों से पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीण समुदाय के बीच निरंतर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने का आवाह्न किया।
इससे पहले स्वागत संबोधन के क्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी गोपी उरांव ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। राज्य स्तरीय प्रशिक्षक द्वारा पेसा नियमावली 2025 के विभिन्न बिंदुओं एवं पहलुओं पर जानकारी साझा की गयी। नियमावली के तहत ग्राम सभा की शक्ति, अधिकार, दायित्व एवं भूमिका पर चर्चा की। साथ ही अनुसूचित क्षेत्र में स्थानीय स्वशासन को सुदृढ़ बनाने,प्राकृतिक संसाधन के संरक्षण, स्थानीय विकास में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा ग्राम सभा की निर्णय प्रक्रिया को प्रभावी बनाने सहित विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों,पंचायत प्रतिनिधियों, हित धारकों से पेसा नियमावली 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में सुझाव एवं विचार आमंत्रित किए गए। प्रतिभागियों ने विभिन्न बिंदुओं पर जिज्ञासा प्रस्तुत की और शंकाओं को दूर किया। जानकारी के मुताबिक प्रतिभागियों को अपने-अपने क्षेत्र में पेसा कानून के संबंध में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में डीआरडीए निदेशक अजय तिर्की, आईटीडीए निदेशक उषा मुंडू, विभिन्न विभाग के पदाधिकारी,कर्मी, सीएसओ के प्रतिनिधि, हित धारक उपस्थित थे ।

Comments
Post a Comment