चंपाई कप फुटबॉल प्रतियोगिता


*सरायकेला: दो दिवसीय चंपाई कप फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रतिभागी हुए पुरस्कृत*

*दीपक कुमार दारोघा*

 सरायकेला: जिला मुख्यालय सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में सरायकेला टाइगर द्वारा आयोजित दो दिवसीय चंपाई कप फुटबॉल प्रतियोगिता काफी रोमांचक रहा, यहां तक कि समापन समारोह में अतिथियों के कर कमलों से उत्कृष्ट टीमें पुरस्कृत किए गए। 

इससे पहले दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता के युवा वर्ग में 16 टीमों ने अपना-अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया। आखिर फाइनल में दो टीमें पहुंची। अतिथियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उनसे मिले एवं फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मैच का शुभारंभ किया। मौके में पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पुत्र बबलू सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभा को राज्य स्तर पर लाने का उद्देश्य है। जेपीएमए रांची बनाम एमएमसी शंकरपुर के बीच हुई फाइनल मैच काफी रोमांचक रहा। मैच बराबरी में रहने के कारण पेनल्टी शूटआउट के जरिए जेपीएमए रांची ने जीत हासिल की। एमएमसी शंकरपुर उपविजेता रहा। राजू स्पोर्टिंग तीसरे स्थान पर रहा।

 विजेता टीम को ट्राफी एवं राशि देकर अतिथि बबलू सोरेन के कर कमलों से पुरस्कृत किया गया। टीम के कप्तान मंगल सिंह सुम्बरूई एवं टीम ने ट्राफी एवं पुरस्कार ग्रहण किया। उपविजेता टीम को मंगल सिंह कांडाईबुरु द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इसके अलावे 40 प्लस आयुवर्ग के लिए हुई प्रतियोगिता में 20 टीमों ने भाग लिया। जिसमें दो टीमें फाइनल में पहुंची। जिसमें ब्लैक पैंथर टीम ने जेपीएमए को हराकर जीत हासिल की। प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर एसआरपी उटवगुटु रहा। समापन समारोह में अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा  के कर कमलों से विजेता टीम को ट्राफी एवं राशि देकर पुरस्कृत किया गया।

 विजेता ब्लैक पैंथर के कप्तान शुरूटुडू एवं टीम ने ट्राफी एवं पुरस्कार ग्रहण किया। इसके अलावे जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो द्वारा उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया गया।

महिला वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में स्टील सिटी जमशेदपुर ने ड्रैगन एससी चाईबासा को हराकर जीत हासिल की। प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी द्वारा उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया गया। जबकि विजेता टीम को सुनीता बोदरा के कर कमलों से पुरस्कृत किया गया।

समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुई। जिसका लोगों ने आनंद उठाया। पूरे कार्यक्रम में सरायकेला टाइगर आयोजन समिति के अध्यक्ष सुदाम हाईबुरु, उपाध्यक्ष गोपीनाथ गागराई, सचिव संजय सोय, मंगल सिंह कांडाईबुरु आदि सदस्यों की सक्रियता रही।

Comments