सरायकेला खरसावां जिला में लगातार बारिश से जनजीवन परेशान


*सरायकेला:लगातार बारिश से खरकाई, स्वर्णरेखा का जलस्तर खतरे की निशान से ऊपर, संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु डीसी ने दिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के कारण सरायकेला खरसावां जिला में नदियों जलाशयों का जलस्तर बढ़ने लगा है। यहां तक कि खरकाई, स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे की निशान से ऊपर बह रहा है। बारिश से जनजीवन परेशान है।

जानकारी के मुताबिक स्वर्णरेखा नदी(मानगो पुल क्षेत्र) में पानी खतरे की निशान 121.50 मीo, 123 मीo ऊपर बह रहा है।

जबकि खरकाई नदी (आदित्यपुर पुल क्षेत्र) में पानी खतरे की निशान 129 मीo, 134 मीo से ऊपर बह रहा है। 

इधर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले में लगातार हो रही वर्षा एवं जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने खरकाई एवं स्वर्णरेखा नदियों के बढ़ते जलस्तर तथा चांडिल डैम के खोले गए गेटों के कारण संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्र की नियमित निगरानी का निर्देश दिए हैं। साथ ही जन सामान्य को सतर्क करने एवं समय रहते उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने का भी निर्देश दिए हैं। 

इससे पहले उपायुक्त ने चांडिल डैम का स्थल निरीक्षण के अलावे पारडीह काली मंदिर, गम्हरिया स्थित टिस्को हाउसिंग कॉलोनी, आदित्यपुर क्षेत्र के प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत राजनगर रोड का भी दौरा किया एवं स्थिति का जायजा लिया।

इधर सूत्रों के मुताबिक संजय नदी का जलस्तर बढ़ने से खपरसाई के निकट संजय पुलिया डूब गया। सरायकेला खरसावां को जोड़ने वाली रूट बाधित रहा। सरायकेला माजणाघाट शिव मंदिर तक खरकाई नदी का जलस्तर पहुंच गया है और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक आपात स्थिति में त्वरित सहायता हेतु जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का नंबर 9204587147 से संपर्क कर सकते हैं।

Comments